शर्मनाक: राजधानी के दून अस्पताल में इंजेक्शन लगाने के बहाने किशोरी से छेड़छाड़
इंजेक्शन लगाने के बहाने केबिन में ले जाने का आरोप, मुकदमा दर्ज

देहरादून। राजधानी के दून अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती 17 वर्षीय किशोरी के साथ वार्ड ब्वॉय ने छेड़छाड़ की। किशोरी का आरोप है कि इंजेक्शन लगाने के बहाने वह किशोरी को केबिन लेकर गया और छेड़छाड़ की। पीड़िता किशोरी के परिजनों की तहरीर पर शहर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
शहर कोतवाली पुलिस के अनुसार उपचार के लिए 17 वर्षीय किशोरी दून अस्पताल में भर्ती थी। किशोरी के पिता ने पुलिस को बताया कि 20 दिसंबर की रात बेटी संग उसकी ताई अस्पताल में मौके पर थी। घटना वाली रात को वह सो गई। आरोप है कि इसी दौरान वार्ड ब्वॉय दीपक वहां आया और उसने किशोरी को इंजेक्शन लगाने की बात कही। आरोप है कि आरोपी इंजेक्शन देने के बहाने लड़की को केबिन में ले गया और छेड़छाड़ की। पीड़िता ने विरोध किया। इस पर वहां पर मौजूद मरीजों के तीमारदार इकट्ठा हो गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।मौके पर पुलिसकर्मी भी पहुंचे, लेकिन तब तक वहां से आरोपी फरार हो गया।पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने वार्ड में भर्ती मरीजों के तीमारदारों से भी पूछताछ की। पुलिस के अनुसार आरोपी के बारे में पता लगाया जा रहा है।