गुड न्यूज: वीरता चक्र वाले सैनिकों को रोडवेज की बसों में मुफ्त यात्रा
10 लाख रुपए खर्च सालाना आने का अनुमान

देहरादून।वीरता चक्र वाले सैनिकों के लिए गुड न्यूज है।
देश की रक्षा के लिए अदम्य साहस का परिचय देने वाले वीरता चक्र विजेता सैनिकों और वीर नारियों को रोडवेज की बसों में निशुल्क सफर करने की सुविधा मिलेगी। सैनिक कल्याण विभाग ने इस संबंध में आदेश किए हैं।
जानकारी के अनुसार सचिव-सैनिक कल्याण दीपेंद्र चौधरी के आदेश के अनुसार वीरता चक्र प्राप्त सैनिकों के साथ वीरता चक्र प्राप्त सैनिक की वीरांगना को भी रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। मुफ्त यात्रा में जो भी खर्च आएगा, सैनिक कल्याण विभाग रोडवेज को अदा करेगा। उत्तराखंड राज्य में वर्तमान में वीरता चक्र प्राप्त सैन्य अफसर और सैनिकों की संख्या 250 से अधिक है। इनके रोडवेज बस में यात्रा करने पर सालाना करीब 10 लाख का खर्च आने का अनुमान है। बता दें कि मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने पिछले वर्ष विजय दिवस के मौके पर यह घोषणा की थी। कैबिनेट ने मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप यह फैसला लिया था।